पटना।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को पटना में एक प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और हालात बेहद खराब हो चुके हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा, “कल भी पटना में हत्या हुई। बिहार में लगातार हत्याएं हो रही हैं और अब तो उपमुख्यमंत्री के आवास से अपराध की प्लानिंग शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं, इसी कारण राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।”
उन्होंने दावा किया कि अब तक 100 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन न तो सरकार कोई कार्रवाई कर रही है और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी हालात पर नजर रख रहा है। यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा, “मैं तो पहले से ही कह रहा हूं कि अपराधी विजयी और सम्राट हो चुके हैं।”
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी हमला
इंजीनियर के यहां छापेमारी और करोड़ों रुपए मिलने के मामले पर तेजस्वी यादव ने कहा कि करोड़ों-करोड़ों रुपए बरामद हो रहे हैं और जलाए जा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि, “हमें तो यह भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मंत्रियों का पैसा भी इसमें शामिल है। अब नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के पितामह बन चुके हैं।”
प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की निंदा
तेजस्वी यादव ने हाल के दिनों में पटना में हुए प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने कहा कि विपक्ष इन लोगों के साथ खड़ा है और जनता को चाहिए कि इस सरकार को उखाड़ फेंके।
वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर प्रतिक्रिया
पूरे देश में चल रहे वोटर लिस्ट पुनरीक्षण मामले पर तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने कभी भी वोटर लिस्ट निरीक्षण का विरोध नहीं किया था, बल्कि केवल सरकार द्वारा अपनाई गई पद्धति का विरोध किया था। उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने भी हमारे पक्ष को माना और आधार कार्ड को मान्य दस्तावेज़ घोषित किया। हमने सिर्फ गलत पद्धति का विरोध किया था, न कि निरीक्षण का।”
तेजस्वी यादव के इन बयानों से यह साफ है कि आने वाले समय में बिहार की राजनीति और अधिक गरमा सकती है।
Author: janhitvoice











