Site icon Janhit Voice

तेजस्वी यादव का पलटवार: “हम जो कहते हैं वो करते हैं, NDA बताए CM चेहरा कौन?”

बिहार की राजनीति में इस समय बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के बयान — “तेजस्वी का 56 इंच का जुबान है” — पर अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखा पलटवार किया है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम जो कहते हैं, वो करते हैं। जो वादा किया, उसे निभाया और आगे भी निभाते रहेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल उठाया — “दो करोड़ नौकरी का क्या हुआ? 15 लाख का क्या हुआ? नोटबंदी से क्या मिला?” तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी और एनडीए सिर्फ बातों और आरोपों की राजनीति करती है, जबकि हम लोग काम में विश्वास रखते हैं।

उन्होंने कहा  कि हमारी पार्टी जनता के बीच जाकर अगले पांच साल की योजना बता रही है, लेकिन एनडीए के पास कोई ठोस विजन नहीं है। वे सिर्फ तेजस्वी और लालू यादव को गाली देने का काम कर रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि बिहार के लोग बदलाव के मूड में हैं। पिछले 20 सालों से जनता परेशान है और अब विकास व रोजगार चाहती है। उन्होंने कहा कि “हमसे किसी को कोई शिकायत नहीं है और हमने कभी किसी का नुकसान नहीं किया। जनता के हित में जो होगा, वही करेंगे।”

अंत में तेजस्वी ने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा — “पहले एनडीए ये बताए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है? जनता जानना चाहती है कि बिहार को कौन लीड करेगा।”

इस बयान के साथ ही बिहार की सियासत में तेजस्वी और बीजेपी नेताओं के बीच जुबानी जंग और भी तेज हो गई है।

Author: janhitvoice

Exit mobile version