महिलाओं के सशक्तिकरण की सराहना, मेला व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सारण जिले के सोनपुर में आयोजित विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2025 का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने मेला-प्रदर्शनी क्षेत्र का विस्तार से निरीक्षण किया और आपदा प्रबंधन, आर्ट एंड क्राफ्ट ग्राम, महिला-बाल विकास निगम, जीविका सहित कई विभागों की स्टॉल्स पर जाकर कारीगरों व विक्रेताओं से बातचीत की। उन्होंने सभी कारीगरों की मेहनत की प्रशंसा की और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के लिए धन्यवाद स्वीकार किया।
इसी दौरान जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” के तहत मिलने वाली सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
महिलाओं ने बताया कि इस योजना से उन्हें रोजगार मिला है और आत्मनिर्भर बनने में बड़ी मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने मौके पर कुछ दीदियों को चेक भी सौंपे और अधिकारियों को मेला परिसर में सफाई, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।
सोनपुर मेला केवल एक प्राचीन आस्था-स्थल नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत केंद्र भी माना जाता है। यहाँ हजारों छोटे व्यापारी और कारीगर अपने पारंपरिक सामान—गहने, हस्तशिल्प, बर्तन, कपड़े आदि—की बिक्री करते हैं। इस मेले में प्रसिद्ध पशु मेला भी लगता है, जहाँ हाथी, घोड़ा, ऊंट, गाय-भैंस की खरीद-बिक्री होती है। साथ ही घुड़दौड़, कुश्ती, नौकायन व सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की विशेष आकर्षण हैं।
मेले का आयोजन सामान्यतः कार्तिक पूर्णिमा से एक माह तक होता है, लेकिन चुनावी परिस्थितियों के कारण इस वर्ष इसे 09 नवंबर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया गया है। कई सरकारी विभाग और केंद्रीय संस्थाएँ भी इसमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिससे लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस ऐतिहासिक मेले को हर साल और बेहतर बनाएगी तथा महिलाओं के सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देती रहेगी।

