बिहार – दरभंगा – बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन का हमला, कहा– लाल टोपी देखकर जानवर भी भाग जाते हैं, जनता कैसे जुटेगी ।
शनिवार को बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन दरभंगा पहुंचे। सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मौके पर दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण उर्फ मन्ना ने मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग और चादर देकर उनका सम्मान किया।
बाद में मीडिया से बातचीत में शाहनवाज़ हुसैन ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जो लाल टोपी पहनकर बिहार आए हैं, उसे देखकर तो जानवर भी भाग जाता है, जनता कहां से जुटेगी। शाहनवाज़ ने कहा कि अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव में कुछ सीट जीतकर ज्यादा ही इतराने लगे हैं, लेकिन बिहार की जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
पटना के सदाकत आश्रम में हुई तोड़फोड़ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना पर भी उन्होंने सफाई दी।
शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि यह बीजेपी की कोई योजना नहीं थी, बल्कि प्रधानमंत्री की मां को गाली देने के कारण आम लोगों में जो आक्रोश था, उसका प्रकटीकरण हुआ। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस आगे से प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोलने से बाज आए।
बीजेपी प्रवक्ता ने साफ कहा कि कांग्रेस वाले गाली देने वालों को बीजेपी कार्यकर्ता बता रहे हैं, जबकि सच यह है कि बीजेपी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री और उनकी मां के सम्मान की रक्षा के लिए अपनी जान तक दे सकते हैं, लेकिन अपशब्द बर्दाश्त नहीं करेंगे।

