पटना, 2 अक्तूबर। राजधानी पटना के गांधी मैदान में दशहरा मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रावण दहन से पहले ही विशाल रावण पुतले का सिर टूटकर लटक गया।
तेज बारिश और तूफानी हवाओं के कारण पुतला क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना ठीक उस समय हुई जब मैदान में हजारों की संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचे थे।
मौसम विभाग ने पहले ही बिहार में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की थी। बावजूद इसके, पटना की सबसे बड़ी पूजा समिति गांधी मैदान दुर्गा पूजा एवं दशहरा समिति ने तैयारियां जारी रखीं।
समिति के सदस्य ललन चौधरी ने स्पष्ट कहा कि “रावण दहन हर हाल में होगा, चाहे बारिश हो या तूफान।”
गांधी मैदान में उमड़ा जनसैलाब
दुर्गा पूजा और दशहरा मेला के मौके पर पटना का गांधी मैदान हर साल की तरह इस बार भी रंग-बिरंगी रौनक से भरा हुआ है। मेले में झूले, खिलौनों, मिठाइयों और विभिन्न दुकानों की सजावट ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
बारिश के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। भीड़ लगातार मैदान में जुटती रही और लोग छाता व रेनकोट पहनकर भी रावण दहन देखने के लिए डटे रहे।
आयोजकों की नई तैयारी
तेज हवाओं में रावण पुतले का सिर टूटने के बाद आयोजकों ने घोषणा की कि बारिश थमते ही नए सिरे से दहन की तैयारी की जाएगी।
तकनीकी टीम पुतले को दोबारा खड़ा करने और उसे सुरक्षित रूप से जलाने में जुट गई। समिति ने भरोसा दिलाया कि लोगों को निराश नहीं होना पड़ेगा और परंपरा हर हाल में निभाई जाएगी।
दुर्गा पूजा के साथ दशहरा की धूम
पटना शहर के बोरिंग रोड, कंकड़बाग, अशोक नगर, कदमकुआं सहित विभिन्न क्षेत्रों में बने पूजा पंडालों में भारी भीड़ उमड़ रही है।
दुर्गा पूजा के पंडालों में मां दुर्गा की आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्तिमय संगीत के बीच श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
गांधी मैदान का दशहरा मेला पूरे बिहार का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है। यहां न सिर्फ पटना बल्कि आसपास के जिलों से भी हजारों लोग जुटते हैं। इस बार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की है।
प्रशासन की सतर्कता
बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड को भी तैनात किया है। पुलिस ने मैदान में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए हैं ताकि भीड़ में अफरातफरी की स्थिति न बने।
Author: janhitvoice











