पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में एक बार फिर से भ्रष्टाचार का मुद्दा सुर्खियों में आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार में भ्रष्टाचार मुख्यमंत्री की निगरानी में हो रहा है।
राजद सांसद सुधाकर सिंह ने सबौर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति पर उठाए सवाल
सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पहले से ही विवादों और भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे दुनिया राम सिंह को सबौर कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया। उन्होंने दावा किया कि कुलपति पर पहले से ही भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हुए थे, इसके बावजूद नीतीश सरकार ने उन्हें जिम्मेदारी दी।
रिश्तेदारों की भर्ती और करोड़ों की वसूली का आरोप
सांसद ने आरोप लगाया कि कुलपति ने अपने बेटे, बेटी और नजदीकी रिश्तेदारों को विश्वविद्यालय में नौकरी दिलवाई। यही नहीं, भर्ती प्रक्रिया में भारी धांधली कर 150 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई।
सुधाकर सिंह का कहना है कि विश्वविद्यालय की 60% सीटें उत्तर प्रदेश के छात्रों को मोटी रकम लेकर बेची जाती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार की रोक के बावजूद 300 लोगों की अवैध नियुक्ति की गई और इस प्रक्रिया में करोड़ों रुपये की उगाही हुई।
कार्रवाई की मांग, लेकिन खामोश सरकार
सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल से इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यह साफ दर्शाता है कि पूरा भ्रष्टाचार मुख्यमंत्री की निगरानी और संरक्षण में हो रहा है।
चुनावी सियासत में नया हथियार
चुनाव से ठीक पहले उठे इन आरोपों ने राज्य की सियासत को और गर्मा दिया है। राजद ने इसे जनता के बीच बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं जेडीयू और एनडीए खेमे की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
एम्स पटना ने मनाया 14वां स्थापना दिवस : राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान रहे मुख्य अतिथि
Author: janhitvoice











