हाजीपुर, 15 सितम्बर। लगातार हो रही बारिश से हाजीपुर नगर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद हाजीपुर सक्रिय हो गई है।
सोमवार को नगर सभापति श्रीमती संगीता कुमारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी श्री सुशील कुमार, नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी तथा स्थानीय विधायक अवधेश सिंह ने शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल ने बीएसएनएल गोलंबर, सर्किट हाउस के समीप तथा मलमला चौर में जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर के प्रमुख नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं, जिन स्थानों पर कटाव कर पानी की निकासी को और तेज किया जा सकता है, वहां आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान विधायक अवधेश सिंह ने नगर परिषद की पहल की सराहना की और कहा कि शहरवासियों को बारिश के मौसम में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए समन्वित प्रयास जरूरी है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि जलनिकासी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
नगर सभापति संगीता कुमारी ने कहा कि नगर परिषद हाजीपुर शहरवासियों की सुविधा और बेहतर जल प्रबंधन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने भरोसा दिलाया कि टीम लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण कर रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने विधायक और नगर परिषद टीम के संयुक्त निरीक्षण का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि समय रहते जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।
Author: janhitvoice











