देश में राष्ट्रीय राजमार्ग अच्छे होने के कारण उस पर आवागमन बढ़ा है। गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण के साथ साथ सड़क दुर्घटना रोकना हम सब की जिम्मेदारी है। इस दिशा में कई स्तर पर प्रयास चल रहे हैं और उसके सार्थक परिणाम भी आए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं की चहलकदमी रहती है तथा पशुओं का झुंड सड़कों के बीच में बैठे रहने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इस विषय को लेकर मुझे नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। कई राजमार्गों पर ऐसे अनुभव से हमने स्थानीय प्रशासन का ध्यान भी आकृष्ट कराया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर पशुओं के रहने से सड़क दुर्घटना में कमी लाने के प्रयास में अवरोध हो रहा है।
इस विषय पर सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मैंने आग्रह किया है कि सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर पशुओं का आना बंद हो सके, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा आवारा पशुओं के व्यवस्थापन के लिए जो नियम बनाए गए हों, उन पर सख्ती से कार्य किया जाए। इस प्रयास से लोगों का जीवन बचेगा तथा सड़क दुर्घटना से बिखरने वाले परिवारों को बचाया जा सकता है। इस कार्य में मुझसे जो भी मदद की आवश्यकता होगी, वह की जाएगी इसके लिए उन्हें आश्वस्त भी किया है।
ट्वीट – भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी।
