सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में बिहार ने बीते वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए अन्य राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। स्थिर मूल्य पर जीडीपी की बढोत्तरी में बिहार ने दिल्ली को पछाड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है।
साल 2022-23 में वृद्धि दर 10.64 फीसदी रही, जो देश में सर्वाधिक है।
प्राथमिक सेक्टर में बेहतर काम करने के कारण बिहार ने इस सेक्टर में शानदार तरक्की हासिल की है। प्राथमिक सेक्टर में बिहार ने डेढ़ गुनी प्रगति की है। बिहार ने ओवरऑल 10.64 फीसदी की सर्वाधिक वृद्धि हासिल की। बिहार की जीडीपी में पिछले साल 10.98 फीसदी की वृद्धि हुई थी। इस सूची में वह आंध्रप्रदेश और राजस्थान से पीछे था लेकिन 2022-23 में तेजी से प्रगति की और अन्य राज्यों से आगे निकल गया।
कृषि, वानिकी, मत्स्य और पशुधन प्रक्षेत्र में बिहार ने अधिक तेजी से विकास किया है। गौरतलब है कि बिहार ने पिछले वर्षों में सबसे ऊंची विकास दर हासिल की है।
दरअसल, असम के गुवाहाटी में 7 से 11 अगस्त को हुई बैठक में बिहार के संबंध में यह आंकड़ा सार्वजनिक रूप से सामने आया। हालांकि यह जानकारी पहले ही आ गयी थी, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया गया था। बैठक में बिहार का प्रतिनिधित्व योजना एवं विकास विभाग के निदेशक संजय पंसारी व उपनिदेशक रश्मि कुमारी ने किया। यहां पांच दिवसीय बैठक में विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
Author: janhitvoice











